अग्रवाल वैश्य समाज सिरसा इकाई और लायंस क्लब सिरसा प्राइड के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
सिरसा । अनाज मंडी स्थित 'दास एंड कंपनी' के प्रांगण में गुरुवार को अग्रवाल वैश्य समाज सिरसा इकाई और लायंस क्लब सिरसा प्राइड के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह आयोजन समाजसेवी हरीश बंसल (बाबा जी) द्वारा अपने पोते डेविस बंसल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। मुख्य आयोजक हरीश बंसल (बाबा जी) ने बताया कि वे अपने पोते डेविस बंसल के हर जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हैं।
इसी कड़ी में यह उनका 11वां कैंप था। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी का जीवन बचा सकता है। शिविर में शिव शक्ति ब्लड बैंक की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। रक्तदान को लेकर युवाओं और महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
कुल 139 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया, जिनमें से पात्रता मानदंडों को पूरा करते हुए 113 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान के साथ-साथ एसपीएस हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।
इसमें प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दिनेश गिजवानी ने अपनी टीम के साथ आए हुए मरीजों की जांच की और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। शहर के सैकड़ों लोगों ने इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाया।
इस पुनीत कार्य में आढ़ती एसोसिएशन, अग्रवाल वैश्य समाज की समस्त इकाइयों, लायंस क्लब सिरसा प्राइड की पूरी टीम, बंसल परिवार के रिश्तेदारों और मित्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ता प्रतीक बंसल और शिवा बंसल ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों की टीम और सहयोगियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
