राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ 37 हजार 247 केसों का निपटारा : सीजेएम संतोष बागोतिया
सिरसा, 09 मई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को न्यायालय परिसर सिरसा, उपमंडल न्यायालय परिसर डबवाली व ऐलनाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि इस लोक अदालत में सभी न्यायालयों में विचाराधीन केस निपटारे के लिए रखे गये थे जिनमें मुख्यतः चैक बाउंस, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना, घरेलू विवाद, बिजली व पानी से संबंधित विवाद, दिवानी व फौजदारी विवाद इत्यादि शामिल थे। इस लोक अदालत में न्यायालयों में विचाराधीन एवम प्री लिटिगेशन स्टेज के कुल 41 हजार 416 केसों में से 37 हजार 247 केसों का निपटारा किया गया, जिनमें 7,60,65,411 रुपये की राशि समयोजित की गई। उन्होंने बताया कि नैशनल लोक अदालत में कुल 6 बैंचों का गठन किया गया जिसमें
न्यायालय परिसर सिरसा में प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट कृष्ण कांत, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नवजीत क्लेयर, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सह एसीजेएम प्रवेश सिंगला, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सह जेएमआईसी रिचू, डबवाली में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सह जेएमआईसी सुमन पटलैन व ऐलनाबाद में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं जेएमआईसी प्रतीक सिंह ने लोक अदालत लगाई। साथ ही पर्मानेन्ट लोक अदालत पब्लिक यूटिलिटी सर्विसेज सिरसा में गत 6 मई को लोक अदालत लगाई गई जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन हरचरन सिंह, सदस्य पवन सुथार एवं सरोज सोनी मेम्बर ने की।
सचिव ने बताया कि लोक अदालत की प्रक्रिया बड़ी सरल एवं संक्षिप्त है, क्योंकि इसमें दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत द्वारा समझौता करवाया जाता है, जिससे उनका आपसी मनमुटाव समाप्त हो जाता है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर लोक अदालत करवाई जाती है एवं नियमित न्यायालय में लगने वाले समय की बचत होती है।
