मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत रोहतक जिला के 25 बुजुर्ग नांदेड साहिब के लिए हुए रवाना

 
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत रोहतक जिला के 25 बुजुर्ग नांदेड साहिब के लिए हुए रवाना

रोहतक, 6 मई : मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना हरियाणा के लाखों बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन को तख्त सचखंड श्री हुजुर साहिब, नांदेड के लिए झंडी दिखाकर रवाना किया। रोहतक जिला के 25 तीर्थ यात्री सोनीपत रेलवे स्टेशन से इस विशेष ट्रेन में सवार हुए।


जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी ने बताया कि सोनीपत रेलवे स्टेशन से गोहाना के उपमंडलाधीश अंकित कुमार ने इस ट्रेन को रवाना किया। उन्होंने रोहतक समेत सभी तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत समृद्ध एवं गौरवशाली है, जहां हजारों वर्षों पुराने धार्मिक स्थल हमारी आस्था और परंपराओं के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत रोहतक जिला के 25 बुजुर्ग नांदेड साहिब के लिए हुए रवाना

हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह इन पवित्र स्थलों के दर्शन कर सके, और सरकार ने इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को यह अमूल्य अवसर प्रदान किया है। यह पहल न केवल सामाजिक सरोकार का उदाहरण है, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान और उनके जीवन में आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का भी सशक्त माध्यम है। प्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करना वास्तव में सेवा और संस्कार की भावना को दर्शाता है।


- तीर्थ यात्रा पर जाने का अवसर मिलने पर बुजुर्गों ने जताया सरकार का आभार


विशेष ट्रेन में सवार होने के दौरान तीर्थ यात्रियों के चेहरों पर अलग ही खुशी दिखाई दी। उन्होंने इस यात्रा के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।