21 जून को मनाया जाएगा 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: डीसी
भिवानी, 12 मई। 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को आयोजित किया जाएगा। योग दिवस को लेकर 18 से 20 मई तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे, इनमें जिले के स्कूलों और गांवों में व्यायाम प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, पीटीआई, डीपीई तथा खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों को योगा प्रॉटोकॉल का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों और योग समितियों के सहयोग से कराया जाएगा।
डीसी साहिल गुप्ता ने ये जानकारी देते हुए बताया कि योग दिवस को लेकर मई और जून माह में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, योग जागरूकता यात्राएं, योग मैराथन, संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न शिक्षण संस्थानों व योगशालाओं में प्रात: 6 बजे से 7.30 बजे तक योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 से 23 मई तक स्कूल स्तर पर योग शिक्षकों, पीटीआई, डीपीई, खेल विभाग और पुलिस विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार से 8 से 10 जून के बीच प्रत्येक जिले के गांवों में योग जागरूकता यात्रा निकाली जाएगी, ताकि लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने बताया कि 11 से 13 जून तक जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सरपंचों, पंचों, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड तथा आमजन को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण स्टेडियम, खेल मैदान, व्यायामशाला एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि 15 जून को जिला स्तर पर योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, योग संस्थान, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट्स एवं गाइड्स भाग लेंगे। स्कूली बच्चे हाथों में योग स्लोगन वाले बैनर लेकर जागरूकता संदेश देंगे। इसी प्रकार से 16 से 18 जून तक जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 19 जून को आयुष विभाग द्वारा योग संगोष्ठी और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 20 जून को मुख्य कार्यक्रम के लिए पायलट रिहर्सल आयोजित होगी और 21 जून को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
