झज्जर मंडियों में 1 लाख 65 हजार 246 मीट्रिक टन गेहूं की आवक, 82 हजार मीट्रिक टन से अधिक की खरीद

 
झज्जर मंडियों में 1 लाख 65 हजार 246 मीट्रिक टन गेहूं की आवक, 82 हजार मीट्रिक टन से अधिक की खरीद

झज्जर, 16 अप्रैल। जिला की मंडियों में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि उपज की खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान और उचित भंडारण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


उपायुक्त ने कहा कि खरीद प्रक्रिया को किसानों के लिए सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मंडियों में व्यवस्थाएं सुचारू रखें और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


उन्होंने बताया कि इस बार सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन सहित अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे खरीद के साथ-साथ उठान भी तय समय सीमा में सुनिश्चित करें।


डीसी ने भंडारण व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि पीक सीजन के दौरान अनाज की लिफ्टिंग में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मंडियों में किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।


किसानों से अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे अपनी गेहूं व सरसों की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण खरीद प्रक्रिया में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिला की मंडियों और खरीद केंद्रों में अब तक एक लाख 65 हजार 246 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है, जबकि 82 हजार 318 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।


उन्होंने बताया कि झज्जर अनाज मंडी में 56 हजार 387 मीट्रिक टन, बादली में 13 हजार 197 मीट्रिक टन, ढाकला में 12 हजार 764 मीट्रिक टन, बेरी में 22 हजार 338 मीट्रिक टन, मातनहेल में 27 हजार 881 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 9 हजार 809 मीट्रिक टन, छारा में 12 हजार 299 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ में 1 हजार 76 मीट्रिक टन तथा आसौदा में 9 हजार 495 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है।


इसी प्रकार खरीद के आंकड़ों के अनुसार झज्जर मंडी में 25 हजार 110 मीट्रिक टन, बादली में 6 हजार 25 मीट्रिक टन, ढाकला में 5 हजार 454 मीट्रिक टन, बेरी में 10 हजार 949 मीट्रिक टन, मातनहेल में 16 हजार 433 मीट्रिक टन, माजरा डी में 5 हजार 881 मीट्रिक टन, छारा में 5 हजार 608 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ में 939 मीट्रिक टन तथा आसौदा में 5 हजार 919 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई है।