Trident Group ने 3000 पदों पर निकाली बंपर भर्ती, जानें योग्यता और कैसे होगी नियुक्ति
ट्राइडेंट ग्रुप की ग्रुप सीएचआरओ (CHRO) पूजा बी. लूथरा ने इस अवसर पर कहा कि भारत की असली ताकत उसकी प्रतिभाएं हैं। यह भर्ती अभियान केवल कार्यबल बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समुदायों को मजबूत करने और राष्ट्रीय विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की एक कोशिश है।
जानें किन पदों पर होगी नियुक्ति
इस विशेष पहल के तहत विभिन्न तकनीकी और ऑपरेशनल पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें मुख्य रूप से ऑपरेटर, बुनकर (Weavers), सिलाईकर्मी, फिटर, इलेक्ट्रीशियन और अन्य टेक्निकल प्रोफेशनल्स शामिल हैं।
जानें योग्यता
उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित उद्योग में उनके पिछले अनुभव के आधार पर किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य के लिए तैयार एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बनाने की दिशा में बड़ी पहल है।
अनुभव के आधार पर आकर्षक सैलरी पैकेज
ट्राइडेंट ग्रुप ने हुनरमंद और अनुभवी प्रोफेशनल्स को आकर्षित करने के लिए एक विशेष वेतन ढांचा (Salary Structure) तैयार किया है। इसमें अनुभव के अनुसार अलग-अलग वेतन स्तर रखे गए हैं:
- 2 से 3 वर्ष का अनुभव: 25,000 रुपये प्रति माह।
- 3 से 5 वर्ष का अनुभव: 36,000 रुपये प्रति माह।
- 5 से 7 वर्ष का अनुभव: 50,000 रुपये प्रति माह।
इसके अलावा, कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर आकर्षक इंसेंटिव, बोनस और वेरिएबल पे जैसे वित्तीय लाभ भी दिए जाएंगे।
मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
भर्ती किए गए कर्मयोगियों के कल्याण के लिए ट्राइडेंट ग्रुप ने कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की घोषणा की है। कंपनी सभी कर्मचारियों को प्रोविडेंट फंड (PF) और ईएसआई (ESI) कवरेज के साथ-साथ मेडिकल सहायता प्रदान करेगी। सबसे खास बात यह है कि कर्मचारियों को रहने के लिए निःशुल्क छात्रावास (Hostel) और सब्सिडी वाला भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
साथ ही, उनके सर्वांगीण विकास के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम, जिम और खेल सुविधाओं की व्यवस्था भी कैंपस के भीतर ही की गई है, ताकि उन्हें वित्तीय सुरक्षा के साथ एक बेहतर करियर मिल सके।
