16 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं विद्यालय संबद्धता आवेदन-पत्र एवं शुल्क
चंडीगढ़ , 2 सितंबर -हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों/गुरूकुल/विद्यापीठ 01 सितंबर से 16 सितंबर, 2026 तक संबद्धता आवेदन-पत्र व शुल्क ऑनलाइन गेटवे पेंमेट के माध्यम से जमा करवा सकते हैं। जो विद्यालय किसी कारणवश निर्धारित तिथियों में आवेदन नहीं करते हैं, वे विद्यालय 5000/- रूपये विलंब शुल्क सहित 17 सितंबरसे 30 सितंबर, 2026 तक संबद्धता आवेदन-पत्र व शुल्क ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय जो पहले से ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त हैं, उन द्वारा 2000 रूपये (18 प्रतिशत GST सहित) तथा गुरूकुल/विद्यापीठों द्वारा 8000 रूपये (18 प्रतिशत GST सहित) संबद्धता निरन्तरता शुल्क जमा करवाया जाना है। इसके अतिरिक्त नई संबद्धता/अपग्रेड हेतु 20,000रूपये (18 प्रतिशत GST सहित) शुल्क जमा करवाया जाना है। संबद्धता शुल्क एच.डी.एफ.सी. बैंक द्वारा गेटवे पेंमेट के माध्यम से ऑनलाइन जमा करवाया जाना है।
उन्होंने बताया कि राजकीय विद्यालयों द्वारा संबद्धता फार्म के अनुसार वांछित दस्तावेज अपलोड किये जाने आवश्यक हैं, उन द्वारा संबद्धता शुल्क जमा नहीं करवाया जाना है। उन्होंने बताया कि यदि राजकीय/अराजकीय विद्यालय/गुरूकुल/विद्यापीठ निर्धारित तिथियों तक संबद्धता संबंधी दस्तावेज अपलोड नहीं करते हैं तो उन विद्यालयों/गुरूकुल/विद्यापीठों को विलंब शुल्क 5000 रूपये सहित दस्तावेज अपलोड करने होंगे। संबद्धता आवेदन-पत्र व शुल्क बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भरा जाना है।
श्री धूपड़ ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की तकनीकी कठिनाई के लिए दूरभाष नंबर 01664-254300 या बोर्ड कार्यालय की संबद्धता शाखा के दूरभाष नंबर 01664-244171 से 176 Ext.111 पर किसी भी कार्य-दिवस में 9:00 बजे से 5:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त संबद्धता शाखा की ई-मेल asaffi@bseh.org.in पर भी सूचना भेजी जा सकती है।
