एमडीयू में पीजी के पांच कोर्सों की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित
चंडीगढ़, 13 अगस्त - महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक ने सत्र 2026-27 में खाली सीटों को भरने के लिए कई पीजी पाठ्यक्रमों में दोबारा आवेदन का मौका दिया है। विश्वविद्यालय ने एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी बायोकेमिस्ट्री, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी माइक्रोबियल बायोटेक्नोलॉजी और पीजी डिप्लोमा इन कर्मकांड में दाखिले के लिए नए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि एमएससी केमिस्ट्री के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 अगस्त तक किए जा सकेंगे। मेरिट सूची 21 अगस्त को जारी होगी और पहली फिजिकल काउंसलिंग 24 अगस्त को होगी। एमएससी बायोकेमिस्ट्री के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त है। इसकी मेरिट सूची और फिजिकल काउंसलिंग 20 अगस्त को होंगी।
एमएससी माइक्रोबायोलॉजी और एमएससी माइक्रोबियल बायोटेक्नोलॉजी के लिए आवेदन 17 से 24 अगस्त तक किए जा सकेंगे। इन दोनों पाठ्यक्रमों की फिजिकल काउंसलिंग 25 अगस्त को होगी और फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 26 अगस्त है।
वहीं, पीजी डिप्लोमा इन कर्मकांड के लिए आवेदन 17 से 20 अगस्त तक होंगे। मेरिट सूची 21 अगस्त को जारी होगी। पहली काउंसलिंग 22 अगस्त को और सीटें खाली रहने पर दूसरी काउंसलिंग 24 अगस्त को होगी।
उन्होंने आगे बताया कि दाखिला प्रक्रिया में पहले प्रवेश-परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके बाद पहले से आवेदन कर चुके लेकिन प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हुए अभ्यर्थियों और फिर नए आवेदकों को शैक्षणिक मेरिट के आधार पर मौका मिलेगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी एमडीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
