सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, हरियाणा विधानसभा में उठी HSSC वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग

 
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, हरियाणा विधानसभा में उठी HSSC वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग

हरियाणा विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र का समापन हो गया है। मानसून सत्र के आखिरी दिन चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुनील सांगवान ने युवाओं के रोजगार, शिक्षा, खेल, सिंचाई व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की।

HSSC का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर हो जारी

BJP विधायक सुनील सांगवान ने विधानसभा में कहा कि गत दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षा सेंटरों के दौरे के दौरान काफी संख्या में स्टूडेंट्स ने उनसे एक ही मांग रखी. विधायक सांगवान ने सदन में कहा कि केंद्र सरकार की SSC की तर्ज पर हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) का भी वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को पहले से पता रहे कि किस पद की परीक्षा कब होगी और वे उसी के हिसाब से तैयारी कर सकें।

सिंचाई पानी की उठाई मांग 

दादरी क्षेत्र में सिंचाई संकट को गंभीर बताते हुए सुनील सांगवान ने कहा कि दादरी और बौंद डिस्ट्रीब्यूटरी से जुड़ी कटेसरा, रणकोली, सांजरवास, रानीला, भागेश्वरी, बास रानीला, फोगाट, फूलपुरा, सांगा और ढाणी सहित अनेक माइनरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा। कई गांवों में किसानों को केवल एक-दो दिन ही नहरी पानी मिल पाता है।

उन्होंने सदन में आंकड़े रखते हुए बताया कि रिंढाणा हेड (भालूखी) से भिवानी सब-ब्रांच में 900 क्यूसेक पानी छोड़ा जाता है, लेकिन खरकड़ा हेड तक पहुंचते-पहुंचते यह घटकर केवल 350 क्यूसेक रह जाता है। जबकि दादरी क्षेत्र के लिए 250 क्यूसेक पानी निर्धारित है। उन्होंने कहा कि बीच रास्ते में करीब 300 क्यूसेक पानी चोरी या लीकेज की वजह से नष्ट हो रहा है। उन्होंने नहर की मरम्मत और री-मॉडलिंग का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।