पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू, पात्र विद्यार्थी 31 जनवरी 2027 तक कर सकेंगे आवेदन
हिसार, 16 सितंबर।
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र विद्यार्थी 31 जनवरी 2027 तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध करवाते हुए आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय पर करवाना सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेजों से संबंधित आवश्यक जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जाए तथा आवेदन की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के लिए आवेदन विंडो 31 जनवरी 2027 तक खुली रहेगी। इसलिए पात्र विद्यार्थी निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करवाएं। उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित संस्थानों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें और समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना है।
