Indian Railways: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, रेलवे ने छठ महापर्व पर चलाईं 5 स्पेशल ट्रेनें
 
indian railways
Indian Railways: छठ महापर्व शुरू होने में अब केवल चार दिन बचे हैं, और इसी के साथ ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। मंगलवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर करीब 20 हजार से अधिक यात्री पहुंचे, जिनमें से अधिकांश बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में सफर कर रहे थे। यात्रियों की भारी संख्या के चलते कुली भी प्लेटफार्म पर सक्रिय नजर आए, जो उन्हें ट्रेन तक पहुंचाने में मदद कर रहे थे।

त्योहार के मद्देनज़र रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पांच स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें चार ट्रेनें आरक्षित डिब्बों के साथ चलेंगी, जबकि एक ट्रेन पूरी तरह सामान्य (अनारक्षित) डिब्बों की होगी। अंबाला रेल मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने बताया कि स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। अनुमान है कि बुधवार से अंबाला कैंट स्टेशन पर रोजाना 80 हजार से अधिक यात्री पहुंच सकते हैं।

रेलवे द्वारा चलाई गईं प्रमुख स्पेशल ट्रेनों में से एक, ट्रेन संख्या 04602, फिरोजपुर कैंट से पटना जंक्शन के लिए 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन शाम 7:50 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04601 पटना से फिरोजपुर के लिए 23 अक्टूबर से 20 नवंबर तक हर गुरुवार को चलेगी, जो शाम 7:20 बजे अंबाला पहुंचेगी।

इसके अलावा, 04656 लुधियाना से सुपौल जंक्शन के लिए 22 अक्टूबर को चलाई जाएगी, जो दोपहर 2:10 बजे अंबाला पहुंचेगी। वापसी में 04655 सुपौल से लुधियाना के लिए 23 अक्टूबर को रवाना होगी और सुबह 4:50 बजे अंबाला पहुंचेगी। यह पूरी ट्रेन सामान्य डिब्बों वाली होगी।

इसी क्रम में, 04658 लुधियाना से कटिहार के लिए 22 अक्टूबर को चलेगी, जो 1:45 बजे अंबाला पहुंचेगी। वापसी में 04657 कटिहार से लुधियाना के लिए 24 अक्टूबर को रवाना होगी और दोपहर 3:10 बजे अंबाला पहुंचेगी। वहीं, 04660 लुधियाना से कटिहार के लिए 23 अक्टूबर को रवाना होगी, जो शाम 6:50 बजे अंबाला पहुंचेगी। वापसी में 04659 कटिहार से 25 अक्टूबर को चलेगी और दोपहर 2:15 बजे अंबाला पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 04664 लुधियाना से पटना के लिए 24 अक्टूबर को रवाना होगी और रात 10:50 बजे अंबाला पहुंचेगी। इसकी वापसी ट्रेन 04663, पटना से लुधियाना के लिए 26 अक्टूबर को चलेगी, जो रात 2:05 बजे अंबाला पहुंचेगी।

हालांकि, इन विशेष ट्रेनों के संचालन के लिए कुछ नियमित ट्रेनों के कोच हटाए गए हैं, जिससे कुछ गाड़ियों को रद्द भी करना पड़ा है। इनमें ट्रेन नंबर 14614 व 14613 (फिरोजपुर से साहिबजादा अजीत सिंह नगर) 22 से 25 अक्टूबर तक, ट्रेन 14601 (फिरोजपुर से हनुमानगढ़) 23 से 26 अक्टूबर तक, और ट्रेन 14630 (फिरोजपुर से चंडीगढ़) 23 से 26 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, चंडीगढ़ से फिरोजपुर की वापसी ट्रेन 24 से 27 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। ट्रेन 54642 (फिरोजपुर से बठिंडा) भी 24 से 27 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।