Haryana Weather Update: हरियाणा में आज यानी होली के दिन बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जिसके चलते तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, इस बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। जिसकी वजह से किसान चिंता में है और भगवान से ये ही प्रार्थना कर रहे हैं कि बारिश न हो वरना उनकी सरसों और गेहूं की फसल खराब हो जाएगी।
दरअसल, प्रदेश में गुरुवार को भी कई जगहों पर बारिश के साथ ओले गिरे है। जिसकी वजह से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है और जिसके लिए वो सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं बारिश के बीच गुरुवार को पलवल में अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया है, जो यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग की मानें, तो 16 मार्च के बाद राजस्थान की सीमा से सटे हरियाणा के जिलों में तेज हवाओं के साथ तूफान का सामना करना पड़ सकता है। वहीं इस दौरान हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना बनी हुई है।
हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में आज 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी 14 मार्च से लेकर 16 मार्च तक का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। आज राजधानी चंडीगढ़, पंचकुला में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा यमुनानगर, अम्बाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, गुरूग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, महेंद्रगढ़ और रेवाडी जिले में बारिश का येलो अलर्ट है।
हरियाणा में कल इन जिलों में हुई थी आलोवृष्टि
बता दें कि हरियाणा में पिछले कई दिनों से तेज धूप निकल रही है। जिसकी वजह से 15 जिलों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। हालांकि, एक दिन पहले यानी की गुरुवार को फरीदाबाद, रेवाड़ी, नूंह औरचरखी दादरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। जिससे फसलों को तो नुकसान पहुंचा ही है। वहीं इन जिलों से सटे इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है।