चंडीगढ़: हरियाणा में सर्दी का प्रकोप एक बार फिर तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के साथ ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठिठुरन और भी बढ़ गई है। इसी बीच, मौसम विभाग ने हरियाणा में एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है।
8 और 9 फरवरी को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 12 फरवरी तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा, लेकिन 8 और 9 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 12 फरवरी के बीच बर्फबारी और बारिश हो सकती है। इसका असर हरियाणा के मौसम पर भी देखने को मिलेगा।
शीतलहर से बढ़ी ठंड, फरवरी के अंत तक राहत संभव
हरियाणा में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह और शाम के वक्त शीतलहर के कारण लोगों को ठंड से जूझना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, लेकिन फरवरी के अंत तक इसके तेवर नरम पड़ने की संभावना है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
हरियाणा में तापमान का हाल
गुरुवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में सबसे कम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा था।
हरियाणा की हवा हुई साफ, AQI में सुधार
हरियाणा में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह चरखी दादरी में AQI 254, चंडीगढ़ में 92, फरीदाबाद में 137 और गुरुग्राम में 119 रिकॉर्ड किया गया। पहले की तुलना में हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है।
हरियाणा में सर्दी का असर अभी जारी रहेगा और 8-9 फरवरी को बारिश की संभावना के चलते ठंड में और इजाफा हो सकता है। हालांकि, फरवरी के अंत तक ठंड में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बीच, एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार प्रदेशवासियों के लिए एक राहत की खबर है।