नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए 29 वर्ष तक के युवा 30 जुलाई तक करवाएं पंजीकरण

 
 नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए 29 वर्ष तक के युवा 30 जुलाई तक करवाएं पंजीकरण

सिरसा, 28 जुलाई।
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूक करने और स्वस्थ व सकारात्मक जीवन शैली अपनाने को प्रेरित करने के उद्देश्य से 30 जुलाई को प्रात: 11 बजे द सिरसा स्कूल बरनाला रोड सिरसा में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी माई भारत के आधिकारिक पोर्टल  https://mybharat.gov.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण 30 तक करवा सकते हैं। इसी क्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा नशा मुक्त युवा से विकसित भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी धनपत ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा नृत्य, गायन, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, वाद-विवाद, रील मेकिंग, नारा लेखन तथा कविता लेखन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण के इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भागीदारी का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।