युवा सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिकाएं निभाएं: अजय कुमार

 
 युवा सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिकाएं निभाएं: अजय कुमार

सिरसा, 16 जुलाई।
नगराधीश अजय सिंह की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोडऩे, स्वयंसेवी कार्यक्रमों को गति देने तथा जिले में माई भारत एप के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीटीएम अजय कुमार ने अधिकारियों से कहा कि माई भारत एप युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को सकारात्मक दिशा देने का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है। इसके माध्यम से युवा सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छता, रक्तदान, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को माई भारत पोर्टल से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वयंसेवक बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।
बैठक में जिला स्तर पर आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा माई भारत के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक में संगठन के सीडीएलयू के रजिस्ट्रार सुशील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, जिला आयुष अधिकारी आशु शर्मा, उप सिविल सर्जन डा. संदीप सिंह, जिला प्रभारी धनपत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।