युवा उत्सव संपूर्ण रुप से युवाओं को समर्पित कार्यक्रम : कप्तान सिंह बिरधाना

 

 
युवा उत्सव संपूर्ण रुप से युवाओं को समर्पित कार्यक्रम : कप्तान सिंह बिरधाना

झज्जर,20 नवम्बर ।जिला मुख्यालय पर युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा तथा जिला प्रशासन, झज्जर के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव - 2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय और राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों ने कला का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेयरमैन जिला परिषद् झज्जर कप्तान बिरधाना रहे।भाजपा जिलाध्यक्ष झज्जर भाजपा विकास वाल्मीकि तथा नगर परिषद् झज्जर चेयरमैन जिले सिंह सैनी विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि ने समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया।

 मुख्य अतिथि कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि युवा उत्सव संपूर्ण रुप से युवा वर्ग को समर्पित कार्यक्रम है। युवाओं के साथ-साथ देश की राष्ट्रीय एकता में युवा उत्सव एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवा महोत्सव को युवाओं के विचारों, प्रतिभाओं व कलाओं का सृजनात्मक रूप बताया। उन्होंने दोहराया कि आज की युवा पीढ़ी इस देश की प्रगति का आधार हैं, क्योंकि उनके पास नए विचार है और नई उर्जा है। इस तरह के कार्यक्रम समाज को अच्छे कलाकार, संगीतकार,

नृत्यकार देते हैं, जिनसे बच्चों में प्रतिभा उभारने में मदद मिलती है। 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने कहा कि तकनीकी संस्थानों के युवाओं ने लोक कला के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी तरह तकनीकी ज्ञान प्राप्त देश की प्रगति में भी भागीदार बनें।

जिला युवा समन्वयक अधिकारी संदीप कुमार अहलावत ने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी साफ्ट स्किल को विकसित करें। उन्होंने कहा कि

तकनीकी रूप से सक्षम युवाओं के लिए रोजगार की कमी नहीं है। आप निरंतर मेहनत करें और आगे बढ़ें। युवा महोत्सव के दूसरे दिन लोकगीत समूह, वाद्य यंत्र प्रतियोगिता श्रेणी की विधाएं आयोजित की गई, जिनमें भाग लेकर युवाओं ने कला का सराहनीय प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विजेता रहने वाली सभी विधाओं की टीमें राज्य स्तरीय युवा उत्सव में झज्जर जिला का प्रतिनिधित्व करेंगी।

दो दिवसीय युवा उत्सव में यह रहे विजेता :

लोक नृत्य समूह में प्रथम स्थान एच डी सीनियर सेकेंडरी स्कूल साल्हावास, द्वितीय स्थान कैम्ब्रिज स्कूल झज्जर, तृतीय स्थान राजकीय महिला आईटीआई झज्जर एट गुढ़ा ने प्राप्त किया, लोक गीत समूह में प्रथम स्थान द्रोणाचार्य स्कूल तुम्बाहेड़ी स्कूल की टीम ने, द्वितीय स्थान राजकीय आईटीआई मातनहेल झज्जर ने, तृतीय स्थान राजकीय आईटीआई साल्हावास ने प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में पहला स्थान द्रोणाचार्य स्कूल तुम्बाहेड़ी की टीम ने, दूसरा स्थान भी द्रोणाचार्य स्कूल तुम्बाहेड़ी की टीम (दो) ने और तीसरा स्थान राजकीय आईटीआई साल्हावास ने प्राप्त किया, पेंटिंग में निकिता ने पहला, नंदिनी ने दूसरा और खुशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, कविता लेखन में वरुण ने, रिया ने दूसरा और पिंकी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया तथा लोक वाद्य यंत्र समूह प्रतियोगिता में राजकीय आईटीआई मातनहेल की टीम ने पहला, राजकीय आईटीआई झज्जर एट गुढ़ा ने दूसरा तथा ने राजकीय आईटीआई साल्हावास तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दलबीर हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक,व्यवसायी मनीष बंसल, हरियाणवी कलाकार जोगेन्द्र कुंडु, निर्मल कुमार,विनोद कुमार, आईटीआई महिला बहादुरगढ़ की प्राचार्या मायामन्ती, वर्ग अनुदेशिका इंचार्ज सत्यवती सहित विभिन्न संस्थानों के प्रधानाचार्य व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

----------------