अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रोहतक में आयोजित हुई योगा मैराथन 

 
 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रोहतक में आयोजित हुई योगा मैराथन :-

रोहतक, 15 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला में आज स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में योगा मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगराधीश शुभम ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना कर किया।


नगराधीश शुभम ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग एक प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
शुभम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लें।
योगा मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाडिय़ों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, योग शिविर एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डïा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव कुमार सैनी, संजय हुड्डा, सहायक शिक्षा अधिकारी संजय, आयुष विभाग से डॉ. ईशा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र, डॉ. सुमन, सत्यवान, श्रीमती पूजा, ट्रैफिक एसएचओ प्रवीन कुमार सहित जिला प्रशासन, खेल विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।