अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सीनियर सिटीजन को कराया जा रहा योग अभ्यास
झज्जर, 10 जून। जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग दिवस की तैयारियां तेज गति से जारी हैं। आयुष विभाग झज्जर द्वारा हरियाणा योग आयोग, पतंजलि योग समिति, योग भारती, शिक्षा विभाग तथा खेल विभाग के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, योगशालाओं, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामान्य योग प्रोटोकॉल के अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थींम के साथ सीनियर सिटीजन को प्रतिदिन योग सहायकों द्वारा अभ्यास कराया जा रहा है। वहीं योग युक्त हरियाणा- नशा मुक्त हरियाणा थींम के चलते योगाभ्यास के साथ नशा मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संगीता ने बताया कि योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा निरंतर जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसके तहत प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं और नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
*बहादुरगढ़ और झज्जर में वरिष्ठ नागरिकों को भी कराया जा रहा नियमित योगाभ्यास*
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के साथ योग” के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ओल्ड एज होम बहादुरगढ़, सीनियर सिटीजन क्लब बहादुरगढ़ तथा सीनियर सिटीजन क्लब झज्जर में नियमित योग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से योगाभ्यास कार्यक्रमों में भागीदारी का आह्वान किया है।
