महिलाएं अपनी शक्ति पहचानें, आत्मनिर्भर बनें : डॉ. अर्चना गुप्ता  

 
महिलाएं अपनी शक्ति पहचानें, आत्मनिर्भर बनें : डॉ. अर्चना गुप्ता  


ऐलनाबाद, 20 नवंबर।हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को ऐलनाबाद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री वेद फूला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, जिला प्रभारी भारत भूषण ज्वाल, जसविंद्र मीनू बेनीवाल, अमीर चंद मेहता, निताशा सिहाग, हनुमान कुंडू, मार्केट कमेटी चेयरमैन भगवान सिंह बाजवा, नंद लाल बेनीवाल, नीकू राम, भूरा राम डूडी, समिंद्र कंबोज, सुखदेव सिंह, जगदीप गोदारा, संदीप सहारन, रणजीत सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रही।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को किसी से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनमें मां दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मी और अन्नपूर्णा जैसी सभी शक्तियां विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की जिम्मेदारियां बखूबी निभाती हैं, इसलिए उन्हें अपने सामर्थ्य और क्षमताओं को पहचानते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩा चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति और आत्मविश्वास में बड़ा बदलाव आया है। वर्ष 2014 से पहले पूरे देश में स्वयं सहायता समूहों की संख्या लगभग 800 से 1000 थी, जबकि आज अकेले हरियाणा में करीब 60 हजार स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और छह लाख से अधिक महिलाएं इनके माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता और सस्ती दरों पर सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने जैसी पहल से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
डॉ. गुप्ता ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि माहवारी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने एक रुपये में सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए महिलाओं से स्वच्छता अपनाने और अपनी बेटियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का सबसे बड़ा लाभ महिलाओं में आया आत्मविश्वास है। आज महिलाएं घर से बाहर निकलकर काम कर रही हैं, अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं और परिवार के आर्थिक फैसलों में भी अपनी भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने गांवों में अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूह बनाएं और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को भी इन समूहों से जोडक़र उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें।
डॉ. गुप्ता ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और ऑनलाइन बिक्री पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने उत्पादों को वेबसाइट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके।