हरियाणा में पत्नी ने पति को मारी गोली, मां- बेटा गिरफ्तार, 5 लोगों पर केस दर्ज 

 
हरियाणा में पत्नी ने पति को मारी गोली, मां- बेटा गिरफ्तार, 5 लोगों पर केस दर्ज 

हरियाणा के झज्जर से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जिले के सांखोल गांव में घरेलू कलह के चलते पत्नी ने अपने पति को गोली मार दी। घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर 5 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

क्या है पूरा मामला ?
ये घटना सांखोल गांव की है। मामले में जोगेंद्र नाम के व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि पहले पीएसओ की नौकरी कर चुका है। बीते बुधवार को जब वह घर की छत पर था तो उसकी पत्नी ने दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद वह किसी तरह दरवाजा खोलकर नीचे आया और अपने कमरे में खुद को बंद कर पूजा करने लगा। 

पूजा करने से मना कर रही थी पत्नी
लेकिन उसकी पत्नी उसे पूजा करने से मना कर रही थी। इसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी और बेटे ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसकी लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली। इसके बाद उसकी पत्नी ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। 

पहली गोली जोगेंद्र के पैर में लगी और दूसरी गोली उसके पेट में लगी है। घायल जोंग्रेंद्र किसी तरह बाइक लेकर थाना सेक्टर-6 पहुंचा। उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे ब्रह्मशक्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया है।


पत्नी-बेटे गिरफ्तार, 5 लोगों पर केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक जोगेंद्र ने अपनी पत्नी, बेटे और ससुराल पक्ष के 3 अन्य लोगों पर घटना को अंजाम देने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। थाना सेक्टर-5 पुलिस ने जोगेंद्र की शिकायत के आधार पत्नी और बेटे समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही कार्रवाई करते हुए पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।