हरियाणा में मौसम हुआ कूल-कूल, आज फिर तूफान और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी
Haryana Weather Update Today: पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में बने कम दवाब के कारण हरियाणा के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों से प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही की गतिविधि हो रही है। आज मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे के रफ्तार से चलेगी हवाएं
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और यमुनानगर में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हवा की गति कुछ क्षेत्रों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के उत्तर और मध्य भाग के जिलों पंचकूला, अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
गुरुग्राम हरियाणा का सबसे ठंडा शहर
24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। चरखी दादरी में दिन का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जबकि सिरसा में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 36 डिग्री और रोहतक में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी कमी आई और गुरुग्राम प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।
