करोड़ों रुपये की लागत से जल आपूर्ति योजनाओं में  होगा सुधार, बिछाई जाएंगी नई पाइप लाइन: सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी

 
 करोड़ों रुपये की लागत से जल आपूर्ति योजनाओं में  होगा सुधार, बिछाई जाएंगी नई पाइप लाइन: सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी

भिवानी, 19 जुलाई। सिंचाई एवं जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रुति चौधरी तथा पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी द्वारा तोशाम हलके में जलापूर्ति  व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। हलके में जल आपूर्ति योजनाओं में बेहतर सुधार और पेयजल की नई सप्लाई लाइन बिछाने के लिए करीबन साढ़े 40 करोड़ की नई परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। नई परियोजनाओं से जलघरों में अतिरिक्त संरचनाओं का निर्माण कार्य किए जाने के अलावा विभिन्न गांवों में सप्लाई लाइनों के साथ-साथ विभिन्न ढाणियों के लिए भी सप्लाई लाइनें बिछाई जाएंगी।

सिंचाई एवं जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रुति चौधरी तथा पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने बताया कि शुद्ध और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वच्छ एवं निर्बाध जलापूर्ति के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा जलघरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है वहीं पुराने और जर्जर स्टोरेज टैंकों की मरम्मत और नए टैंकों का निर्माण करवाया जा रहा है। हलके में कहीं भी पीने के पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार प्रदेशवासियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने नागरिकों से भी अपील की कि पानी का उपयोग जरूरत के अनुसार करें। उन्होंने कहा कि पानी एक अमूल्य संसाधन है, इसलिए इसका दुरुपयोग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही इस्तेमाल करें, ताकि सभी को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति में सुधार और नई पेयजल सप्लाई लाइनें बिछाने के लिए साढ़े 40 करोड़ से अधिक की नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि दो करोड़ 57 लाख से अधिक की लागत से गांव कुसुम्भी के जलघर में नई संरचनाओं के निर्माण के साथ ही पम्प हाउस से जलघर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। मालवास देवसर और मालवास कोहाड़ के लिए 4 करोड़ 67 लाख 85 हजार की लागत से जलघर का निर्माण और जूई कैनाल से जलघर तक पानी की उपलब्धता के लिए पाइप लाइन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 23 लाख से अधिक की लागत से गांव बागनवाला में डाडम रोड व झांवरी रोड पर स्थित ढाणियों तक पीने का पानी उपलब्ध करवाने के लिए पाइप लाइन लगाई जाएगी। 3 करोड़ 71 लाख से अधिक की लागत से गांव ढाब ढ़ाणी में जलापूर्ति योजना में सुधारीकरण, अतिरिक्त संरचनाओं का निर्माण और बची हुई गलियों में पाइप लाइन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 लाख से अधिक की लागत से गांव दरियापुर में ढाणियों तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। दो करोड़ 15 लाख 48 हजार से अधिक की लागत से गांव हेतमपुरा में जलापूर्ति योजनाओं में सुधारीकरण, जलघर में पुरानी मशीनरी में बदलाव और सप्लाई लाइन बिछाई जाएंगी। 7 करोड़ 78 लाख से अधिक की लागत से गांव जूई कलां में जलापूर्ति योजनाओं के नवीनीकरण के अलावा पुरानी पड़ी सप्लाई लाइनों के स्थान पर नई सप्लाई लाइन बिछाई जाएंगी। 7 करोड़ 37 लाख से अधिक की लागत से कैरू प्रथम व द्वीतीय में जलघर अपग्रेडेशन के अलावा शेष बची गलियों में सप्लाई लाइन लगाई जाएंगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 24 लाख 63 हजार से अधिक की लागत से गांव खावा में ढाणियों में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन लगाई जाएगी। साढ़े 67 लाख से अधिक की राशि से गांव मंढान में ढाणियों तक पाइप लाइन बिछाकर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2 करोड़ 34 लाख 24 हजार से अधिक की लागत से गांव निगाना कलां में जलापूर्ति योजनाओं के नवीनीकरण के अलावा पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। 3 करोड़ 4 लाख से अधिक की राशि से गांव निगाना खुर्द में जलापूर्ति योजनाओं में सुधारीकरण और पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी। इसी तरह 4 करोड़ 17 लाख से अधिक की लागत से गांव सिढान में जलापूर्ति योजनाओं में सुधारीकरण और नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि एक करोड़ 25 लाख से अधिक की लागत से गांव थिलौड़ में पम्पिंग मशीनरी बदलने के साथ ही नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी।