भिवानी में 40 साल बाद मजबूत होगी जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था, साढ़े 34 करोड़ से मिलेगा जलभराव से छुटकारा
भिवानी शहर की आबादी के लिए सीवरेज और पेयजलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े मोर्चे पर एक अच्छी खबर सामने आई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि दोनों ही व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए साढ़े 34 करोड़ रुपए की परियोजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि सीवरेज व्यवस्था से जुड़े टेंडर तीसरी बार 12 अक्टूबर को और पेयजलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े टेंडर दूसरी बार 6 अक्टूबर को खोले जाएंगे। वहीं, पहले कराए गए टेंडरों में एजेंसियों ने काम के प्रति रुचि नहीं दिखाई जिसके चलते जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को टेंडर रिकॉल कराने पड़े। अब तीन एजेंसियां शामिल हुई हैं जिनमें से एक को मुख्यालय से मंजूरी के बाद काम दिया जाएगा।
दादरी रोड STP का होगा सुदृढ़ीकरण
भिवानी शहर में दादरी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के सुदृढ़ीकरण और अपग्रेडेश पर साढ़े 13 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी। इससे शहर को जलभराव से छुटकारा और दूषित पानी की निकासी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। बढ़ती आबादी का दबाव और ओवरफ्लो की समस्या से निजात पाने के लिए विभाग द्वारा यह योजना बनाई गई है।
एसटीपी की क्षमता का पूरा उपयोग करने और शोधित पानी की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल होगा। प्लांट की पुरानी पंपिंग मशीनों को बदला जाएगा। इससे शहर के दूषित पानी को ड्रेन तक पहुंचाने के काम में तेजी आएगी और बारिश का पानी भी तेजी से निकास हो सकेगा।
बूस्टिंग स्टेशनों की बढ़ेगी क्षमता
इस योजना के तहत शहर के 29 बूस्टिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। पंपिंग मशीनरी और बूस्टिंग टैंकों को अपग्रेड करने के साथ नए बूस्टिंग स्टेशन भी तैयार किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज और हांसी रोड की देव नगर कॉलोनी के लिए अलग बूस्टर तथा उत्तम नगर और डाबर कॉलोनी के लिए लोहारू रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास नए बूस्टर बनाएं जाएंगे।
पुराने जलघर में 10 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और निनान जलघर में आरसीसी पैटर्न पर दो नए टैंक बनाए जाएंगे। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 35 साल बाद 29 पुराने बूस्टिंग स्टेशनों की मशीनरी बदली जाएगी। वहीं, शहरी दायरे में करीब 45 साल पुरानी पेयजल लाइनों को बदलने और बाहरी कॉलोनियों में नई पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जाएगा।
आरसीसी पैटर्न पर बनेंगे सीवर मैनहोल
पुराने व जर्जर हो चुके ईंटों के करीब 105 मैनहोल को आधुनिक आरसीसी (RCC) पैटर्न पर तैयार किया जाएगा। हनुमान गेट से पीपलीवाली जोहड़ी और दादरी गेट जैसे इलाकों में पुरानी व जाम पड़ी लाइनों को ठीक करने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
