विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के लिए युवाओं को क्विज में भाग लेने का मौका, 30 सितंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण
हिसार, 09 सितंबर।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी कोमल ने जिले के युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में युवाओं के लिए विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमिता चैलेंज और युवा संसद सहित विभिन्न ट्रैक आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत चैलेंज के तहत युवाओं की चयन प्रक्रिया बहुस्तरीय और पारदर्शी होगी। इसकी शुरुआत डिजिटल माध्यम से आयोजित विकसित भारत क्विज से होगी। क्विज में सफल प्रतिभागियों को आगे डिजिटल निबंध, जिला स्तरीय प्रस्तुति और राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी कोमल ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने हिसार जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से आह्वान किया कि वे 30 सितंबर 2026 से पहले अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर क्विज में भाग लें और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करें।
