*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गणना प्रपत्रों का सत्यापन तुरन्त करें बीएलओ : डीसी*

 
*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गणना प्रपत्रों का सत्यापन तुरन्त करें बीएलओ : डीसी*

*झज्जर, 19 जुलाई।*

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत जिला में मतदाताओं को वितरित किए गए गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा हैं। सभी शेष बचे वोटर से गणना फार्म प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन किया जा रहा है।

वोटर से भी अपील की जा रही है कि वो 24 जुलाई का इंतजार न करते हुए तुरंत आज ही फार्म भरकर बीएलओ को दें।

*मतदाताओं के जमा गणना प्रपत्र का तुरंत सत्यापन करें बीएलओ*

डीसी ने कहा कि गणना (एन्यूमरेशन) चरण के दौरान बीएलओ द्वारा एएसडीडी मामलों के सत्यापन तथा पर्यवेक्षकों द्वारा उनके प्रमाणीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा करा दिए हैं, लेकिन उनका सत्यापन अभी लंबित है, उन सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीसी ने कहा कि जिला के सभी मतदाताओं के गणना कार्य का सत्यापन संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

*प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करें अधिकारी*

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 31 जुलाई को होने वाले प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। निर्धारित स्थानों पर एएसडीडी सूची चस्पा की जाए तथा दावा एवं आपत्ति के लिए आवश्यक सभी वैधानिक प्रपत्र, जैसे फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8, पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पूरी शुद्धता एवं सटीकता के साथ किया जा सके।

*मतदाताओं की सुविधा के लिए नियमनुसार हो रैशनलाइजेशन प्रक्रिया*

 जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जहां आवश्यक हो वहां मतदान केंद्र क्षेत्रों का रैशनलाइजेशन किया जाए, ताकि मतदाताओं को अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही ऐसे मामलों की भी पहचान की जाए, जहां एक ही परिवार के सदस्य एक ही पते पर रहने के बावजूद मतदाता सूची के अलग-अलग भागों अथवा अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

*मतदाता सूची अपडेट बनाने में डिजिटाइजेशन की अहम भूमिका*

 डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए गणना प्रपत्रो के डिजिटाइजेशन का कार्य तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए हैं।