‘दो साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का डबुआ कॉलोनी में हुआ भव्य स्वागत

 
‘दो साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का डबुआ कॉलोनी में हुआ भव्य स्वागत

फरीदाबाद,  8अक्टूबर।

फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में ‘दो साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर का क्षेत्रवासियों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि देश के विकास और राष्ट्रहित के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और विकास की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ‘हम देश के लिए जिएंगे और देश के लिए मरेंगे’ की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति मजबूत, सशक्त और आत्मनिर्भर नहीं होगा, तब तक विकसित भारत का लक्ष्य पूर्ण नहीं हो सकता। इसी उद्देश्य से सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने ने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए करीब 2800 करोड़ रुपये की लागत से 11 हजार केवी की बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर और निर्बाध बिजली सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। सीवरेज, पेयजल, जल निकासी, सड़क, पार्क, बिजली सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर को चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया गया। श्री गुर्जर ने सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए कहा कि इस चांदी के मुकुट को व्यक्तिगत रूप से अपने पास रखने के बजाय गरीब परिवार की बेटी के कन्यादान में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा दिया गया स्नेह और सम्मान जनसेवा के लिए नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है तथा किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता में इसका उपयोग करना ही इस सम्मान का सर्वोत्तम उपयोग होगा।

एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए : विधायक सतीश फागना

कार्यक्रम में एनआईटी विधायक श्री सतीश फागना ने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर का स्वागत करते हुए कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अब तक करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा चुके हैं तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य निरंतर जारी हैं।

विधायक श्री सतीश फागना ने कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बागड़ मशीनों के माध्यम से सीवर लाइनों की सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में बरातघर, ओपन पार्क, जिम, पार्कों में झूले, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार के प्रयासों से एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा महामंत्री श्री कविंद्र चौधरी, समस्त पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।