हिसार में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक को मारी टक्कर,दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
हरियाणा के हिसार में बनभौरी गांव के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी है।
जींद जा रहे थे तीनों युवक
मृतक युवकों की पहचान गांव सरहेड़ा निवासी 22 वर्षीय मोनू और 11 वर्षीय पुनीत के रूप में हुई है। वहीं उनका एक अन्य साथी रवि घायल है। बताया जा रहा है कि मोनू, पुनीत और रवि एक ही बाइक पर सवार होकर जींद जिले के मखंड गांव में आयोजित खेल प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक को मारी टक्कर
जैसे ही वह तीनों बनभौरी गांव के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे।
11 साल के पुनीत और मोनू की हुई मौत
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से तीनों घायल युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मोनू और 11 साल के पुनीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रवि को प्राथमिक इलाज के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
