कुरुक्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, हत्या के प्रयास के दो आरोपी गोली लगने से घायल
खनन कारोबारी पर हमले का मामला
सीआईए-1 प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि 31 मई को खनन व्यवसाय से जुड़े सुनील कुमार उर्फ बंटी पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की थी। हमले में सुनील के जांघ और गर्दन में गोली लगी थी। इस संबंध में शाहाबाद थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 2 जून को पुलिस ने मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू, विजय, अमन और राहुल को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील और रोबिन दोनों खनन कारोबार से जुड़े हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश थी। इसी दुश्मनी के चलते रोबिन ने सुनील की हत्या कराने के लिए शूटरों को सुपारी दी थी।
रिमांड के दौरान बड़ी बरामदगी
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो चार पहिया वाहन, दो दोपहिया वाहन और करीब 18 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सीआईए-1 प्रभारी के मुताबिक, शूटर अमन और राहुल ने सुनील को गोली मारने के लिए रोबिन से 10 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 8.50 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि शूटरों की व्यवस्था करने वाला एक अन्य आरोपी विदेश में है। रोबिन ने उसे 20 लाख रुपये दिए थे, जिनमें से 9.50 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
