Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
8 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 26 जनवरी को भी हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत के 12 जिलों में शीतलहर
बारिश के बाद उत्तर भारत के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। यूपी के अयोध्या, प्रयागराज, झांसी, कानपुर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में शीतलहर चल सकती है। दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम और सोनीपत में भी तापमान गिरने की संभावना है। पंजाब के अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, होशियारपुर और गुरदासपुर में ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में 24 जनवरी को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय तेज ठंड महसूस की जाएगी। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 जनवरी को हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव देखा गया।
यूपी में फिर बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में 24 जनवरी को भी मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, मथुरा और आगरा समेत कई जिलों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है।
बिहार में कोहरा और शीतलहर
बिहार में मौसम बदलेगा। सीमांचल और मिथिलांचल के जिलों में सुबह शीतलहर और घने कोहरे की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बिगड़े हालात
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, चंबा, ऊना और लाहौल-स्पीति में बारिश, जबकि मनाली और कांगड़ा में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू-कश्मीर में भी पुंछ, जम्मू, श्रीनगर, राजौरी और उधमपुर में भारी बारिश-बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश का हाल
राजस्थान में बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन जयपुर, सीकर, उदयपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में शीतलहर की चेतावनी है। मध्य प्रदेश में अगले 72 घंटों में ठंड बढ़ने के आसार हैं और कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
