Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 

 
kal ka mausam
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड के बाद अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 24 जनवरी से मौसम में बदलाव के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में 24 जनवरी से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 24 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इसके साथ ही बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।

वेदर एक्सपर्ट्स का मानना है कि बारिश और हवाओं के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण साफ होंगे, जिससे लोगों को सांस लेने में राहत मिलेगी। हालांकि इसके बाद 2 से 3 दिनों तक कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

23 जनवरी से प्रदूषण में मिल सकती है राहत

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जनवरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 23 जनवरी को अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पंजाब और हरियाणा में जारी है शीतलहर

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब का फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में 3.3 डिग्री और बठिंडा में 3.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ठंड बनी रह सकती है।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार

राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में मावठ की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 26 से 28 जनवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं।

कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना

कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर समाप्त होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में बारिश और व्यापक बर्फबारी की संभावना जताई है। श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है।