Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
7 राज्यों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 22 से 24 जनवरी के दौरान मौसम और बिगड़ सकता है। 23 जनवरी को कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में 19, 21 और 22 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है। वहीं 22 से 24 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी कई जगह बारिश के आसार हैं। 22 और 23 जनवरी को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
आईएमडी ने उत्तर भारत के 13 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इनमें उत्तर प्रदेश के अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और रायबरेली शामिल हैं। पंजाब के गुरदासपुर, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, कपूरथला और बठिंडा में भी शीतलहर चलने की आशंका है। इसके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत में भी भीषण शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को राजधानी में बारिश की भी संभावना है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी के 10 से अधिक जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। देवरिया, गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, नोएडा, झांसी, आगरा और मथुरा में सुबह के समय तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 22 से 24 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं।
बिहार में ठंड का कहर
बिहार में 19 जनवरी को भी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, सारण, आरा, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में खतरनाक शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। सुबह यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम
उत्तराखंड में हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश में 19 से 21 जनवरी के बीच मनाली, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शिमला में अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार पश्चिमी विक्षोभ का असर
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। 19 और 20 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि 21 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश का हाल
राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 22 जनवरी से बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू और झुंझुनूं में बारिश की संभावना है। जयपुर में 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मध्य प्रदेश में 19 जनवरी को एक बार फिर ठंड बढ़ने की चेतावनी है। मंदसौर, शहडोल, पंचमढ़ी, रीवा और उमरिया में तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है। भोपाल में हालांकि मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा।
