Kal Ka Mausam: दीपावली के बाद राजधानी दिल्ली का मौसम अब बदल चुका है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हवा में हल्की नमी और धुंध के साथ लोगों ने अपने कंबल और रजाइयों को धूप दिखाना शुरू कर दिया है। इस बीच, पूरे देश में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। व्रतियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छठ के दिन बारिश होगी या मौसम साफ रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल आसमान साफ रहने के आसार हैं। सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी लेकिन दिन में धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन में लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी, जबकि रात में यह गति 5 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। दीपावली के बाद राजधानी में सर्दी ने दस्तक दे दी है, जिससे सुबह और शाम के वक्त मौसम सुहाना बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा और किसी तरह की बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिमी यूपी में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं, पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। यानी छठ पर्व के दौरान आसमान साफ रहेगा और व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
महाराष्ट्र और गुजरात में कैसा रहेगा मौसम?
महाराष्ट्र और गुजरात में कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले पांच दिनों तक कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम करवट ले सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा।
कुल मिलाकर, छठ महापर्व के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जबकि पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तर भारत में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है और आने वाले हफ्तों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
