हरियाणा के हांसी में दो बाइकों की टक्कर, हादसे में तीन युवकों की मौत

 
 हरियाणा के हांसी में दो बाइकों की टक्कर, हादसे में तीन युवकों की मौत

हरियाणा के हांसी में दो बाइकों की आमने- सामने से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और हादसे की जांच भी शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान गांव ईटल निवासी 32 वर्षीय विजय कुमार, खेड़ी जालब निवासी 30 वर्षीय कपिल और खेड़ी लोहचब निवासी मोहित के रूप में हुई है। तीन मृतकों शादीशुदा थे।

बाइक के उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार कपिल और मोहित एक ही बाइक पर सवार होकर जींद से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, विजय कुमार अपनी बाइक से गांव ईटल की तरफ जा रहा था। 

जैसे ही वह तीनों नारनौंद-मिर्चपुर मार्ग पर बागा मुर्गी फार्म के पास पहुंचे तो उनकी बाइकें आमने-सामने से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर काफी दूर उछल कर जा गिरे।

हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत

तीनों युवकों की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों शवों को  पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।


इस मामले में हेड कांस्टेबल विजय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आज शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।