13 गांवों को फायदा, सफर का समय घटेगा आधा, बल्लभगढ़ में 8.25 करोड़ से चकाचक बनेगी यह सड़क
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र से दर्जनों गांवों की आबादी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि यहां फतेहपुर बिल्लौच से अटेरना तक खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी सड़क की बहुत जल्द तस्वीर बदलने जा रही है, जिससे इस रूट से सफर करने वाले लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सवा 8 करोड़ रुपए की धनराशि से इस सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाया जाएगा।
बता दें कि वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में बनी हुई है। सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं जिससे आए दिन दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। बारिश के मौसम में तो हालात और भी ज्यादा बत्तर हो जाते हैं। लेकिन अब इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने से दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और उनके लिए सफर करना आरामदायक व सुरक्षित हो जाएगा।
दर्जनों गांवों को मिलेगा फायदा
इस सड़क मार्ग के निर्माण से लढौली, डीग, फतेहपुर बिल्लौच, पन्हैड़ा कलां, जवां, ककड़ीपुर, अटेरना, घाघौट, गोपीखेड़ा, सदरपुर, अलावलपुर, जल्हाका और मोहना की आबादी के लिए आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी। उन्हें गढ्ढों के बीच हिचकोले खाते सफर से छुटकारा मिलेगा। वर्तमान में इस सड़क मार्ग से सफर करने में लगभग 1 घंटे का समय लगता है लेकिन सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर यह समय घटकर मात्र 30 मिनट रह जाएगा।
PWD के एक अधिकारी ने बताया कि फतेहपुर बिल्लौच पेट्रोल पंप के सामने से अटेरना गांव तक सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। जवां गांव में फिलहाल लगे सीमेंटेड स्लैब हटाकर वहां सीमेंटेड मार्ग बनाया जाएगा। लंबे समय से इस सड़क मार्ग के निर्माण की मांग उठाई जा रही थी लेकिन अब बहुत जल्द सड़क मार्ग का नए सिरे से निर्माण कर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी। लोगों को शहर आवागमन के लिए बेहतर सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी।
