हरियाणा में करोड़ों की लागत से फोरलेन बनेगी ये सड़क, झज्जर से गुरुग्राम का सफर होगा बेहद आसान
Four Lane Road: हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य में नए हाईवे और सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि लोगों का आना-जाना आसान और सफर आरामदायक हो सके।
इसी बीच अब सरकार ने झज्जर-फर्रूखनगर सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की मंजूरी दे दी है। इस सड़क के बनने से वाहन चालकों का सफर आरामदायक व सुरक्षित होगा। वहीं झज्जर से गुरुग्राम का सफर भी बेहद आसान होने वाला है।
करोड़ो की लागत से फोरलेन बनेगी सड़क
64 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपए की लागत से झज्जर-फर्रूखनगर सड़क मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। झज्जर DC वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर-फर्रूखनगर सड़क मार्ग (SH-15A) के फोरलेन सुधार एवं नवीकरणीय के लिए करीब साढ़े 64 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी मिली है।
इस परियोजना के तहत झज्जर जिले की सीमा में आने वाली करीब 21.30 किलोमीटर लंबे हिस्से का सुधारीकरण किया जाएगा। इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या दूर होगी। साथ ही सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी, जिससे लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को मिलेगा फायदा, सफर होगा आसान
इस सड़क मार्ग के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के पूरा होने पर झज्जर से गुरुग्राम की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा। फोरलेन सड़क मार्ग से सफर करने पर पहले के मुकाबले न केवल ज्यादा सुविधा मिलेगी बल्कि यात्रा के समय में भी कमी आएगी।
