Haryana news : हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 279 राजकीय प्राथमिक स्कूलों का दर्जा बदल दिया है। जानकारी के मुताबिक, इनमें से 202 स्कूलों का नाम अब मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी प्राथमिक विद्यालय होगा। इसी तरह 77 स्कूलों की नई पहचान मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय के रूप में होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग ने प्राथमिक स्कूलों को मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी शिक्षा स्कूलों से जोड़ने की दिशा में यह कदम उठाया है। इनमें वे स्कूल भी शामिल हैं, जो मॉडल संस्कृति, पीएमश्री या मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों के परिसर में अथवा उनके समीप स्थित हैं।
जैसा की बताया जा रहा है की संबंधित स्कूलों में पहली कक्षा की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। जबकि दूसरी कक्षा से आगे सभी कक्षाओं में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के एक-एक सेक्शन की व्यवस्था होगी। इससे स्कूलों में दोनों माध्यमों में पढ़ाई का प्रविधान रहेगा।
नामकरण में बदलाव के बाद सभी स्कूलों को सह-शिक्षा वाले स्कूलों के रूप में संचालित किया जाएगा। इन स्कूलों में लड़के और लड़कियां दोनों पढ़ सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षा विभाग ने संबंधित प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए भी व्यवस्था तय की है। इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति अथवा तैनाती स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी।
