नन्हे सपनों का संसार

 
नन्हे सपनों का संसार

सपने लाख हजार।

छोटी-छोटी आँख में,

बसे बड़ा संसार॥

पापा की उँगली पकड़,

चलता नन्हा लाल।

राह भले ही हो कठिन,

लगता सब खुशहाल॥

माथे टीका लाल है,

मुख पर हंसी प्यार।

घर-आँगन में खिल उठे,

जैसे नई बहार॥

खेल खिलौने से करे,

कभी मचाए शोर।

नन्हे की मुस्कान से,

खिलता घर का छोर॥

पापा के कंधे चढ़े,

देखे सारा गाँव।

नन्हे मन में बस रहे,

कितने नए पड़ाव॥

छोटी-छोटी बात पर,

हँसता खिलखिलाय।

उसकी मीठी बोलियाँ,

घर उत्सव बन जाय॥

नन्हे पग की आहटें,

खुशियों का संदेश।

बच्चों से ही खिल उठे,

घर-आँगन परिवेश॥

चिड़िया जैसी कल्पना,

तितली जैसे रंग।

बच्चों के संसार में,

खुशियों के बहु ढंग॥

मिट्टी, पानी, फूल से,

सीख रहा व्यवहार।

बचपन सबसे सुंदर,

जीवन का उपहार॥

प्यार मिले तो बालमन,

खिलता बनकर फूल।

बचपन को मत बाँधिए,

प्रेम रहे अनुकूल॥

— डॉ. प्रियंका सौरभ