तिरंगा हमारी आन, बान, मान, सम्मान और शान; तिरंगे को लेकर आज अम्बाला की जनता सड़कों पर झूमी : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चण्डीगंढ, 14 अगस्त - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस से पहले “तिरंगा यात्रा” और “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम मनाया जाता है। आज अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा निकाली गई, तिरंगा जो हमारी आन, बान, मान, सम्मान और शान है उसको लेकर आज अम्बाला की जनता सड़कों पर झूमी है और उससे यह भी लगता है कि हमारे तिरंगे से लोगों को कितना प्यार है।
श्री विज आज अम्बाला छावनी में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज विभाजन “विभीषिका स्मृति दिवस” भी है जोकि सारे देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को हिंदुस्तान आजाद हुआ था और 15 अगस्त को ही देश का विभाजन भी हुआ। उन्होंने कहा उस विभाजन में करोड़ों लोग बेघर हुए और असंख्य लोग उसमें शहीद हुए।
उन्होंने कहा कि आज तिरंगा यात्रा भी निकाली गई है और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया गया है।
इससे पहले, ऊर्जा मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में अम्बाला छावनी में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में मंत्री अनिल विज देश भक्ति के रंग में रंगे दिखे और देशक्ति गीतों की धुनों पर वह थिरकते नजर आए। उन्होंने हाथ में तिरंगा फहराते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए जोश का संचार किया।
*तिरंगामय हुई अम्बाला छावनी, लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा*
अम्बाला छावनी हिल रोड पर एसडी मंदिर से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में आम नागरिकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान समूचा शहर तिरंगामय हुआ। लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और देशभक्ति गीतों की धुनों पर जमकर झूमें। बाजारों में जगह-जगह तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा एसडी मंदिर से प्रारंभ हुई जोकि सब्जी मंडी से होते हुए, डीसी रोड, चौड़ा बाजार, बजाजा बाजार, सदर चौक, निकलसन रोड, क्रास रोड नंबर से होते हुए वापस एसडी मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
*तिरंगा यात्रा के दौरान अम्बाला छावनी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आई*
तिरंगा यात्रा के दौरान अम्बाला छावनी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आ आई। यात्रा जहां से निकली वहां लोग देशभक्ति के गीतों पर नाचते-झूमते नजर आए। तिरंगा यात्रा के स्वागत में जगह-जगह फूल बरसाए गए। लोगों व दुकानदारों ने घरों व दुकानों की छतों से यात्रा पर फूलों की वर्षा कर इसका स्वागत किया। यात्रा के दौरान मंत्री अनिल विज ने सभी का अभिवादन किया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां दी।
तिरंगा यात्रा के दौरान अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
क्रमांक- 2026
