पंचकूला क्रिकेट स्टेडियम में सिर चढ़कर बोलेगा क्रिकेट का रोमांच, विजेता टीम को मिलेगी लाखों रुपए की धनराशि, गाड़ी व बाईक

 
 पंचकूला क्रिकेट स्टेडियम में सिर चढ़कर बोलेगा क्रिकेट का रोमांच, विजेता टीम को मिलेगी लाखों रुपए की धनराशि, गाड़ी व बाईक

क्रिकेटप्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आज से क्रिकेट का रोमांच सातवें आसमान पर होगा। यहां आज यानि 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नमो क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का आयोजन होगा।

बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सैनी इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। वहीं, आज ही पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल अपने सुरीली आवाज से गीतों का समां बांधेंगे। नमो क्रिकेट लीग के आयोजक सुदेश भंडारी चैरिटेबल ने बताया कि विभिन्न जिलों की 32 शीर्ष विजेता टीमें पंचकूला पहुंची हैं। पंचकूला जिले की 92 टीमों में से बिल्ला गांव की टीम चैंपियन बनकर फाइनल 32 में पहुंची है।

सुदेश भंडारी ने बताया कि सभी मैच 10-10 ओवर के रहेंगे। टेनिस बाॅल से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मैचों का समय दोपहर 2 बजे से रात 2 बजे तक रहेगा। दर्शकों के लिए डीजे और संगीत के साथ स्टेडियम में एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है। इन क्रिकेट मैचों का लाइव प्रसारण OTT प्लेटफार्म के 14 चैनलों पर होगा। 

उन्होंने बताया कि अलग-अलग जिलों में 3400 टीमों और 55 हजार खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी के साथ यह विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन गई है, जिसे अब गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा रहा है। 

ये रहेगी ईनामी राशि 

विजेता टीम को 21 लाख रुपए 
उपविजेता टीम को 11 लाख रुपए 
तीसरे स्थान की टीम को 5 लाख रुपए 
चौथे स्थान पर 2.50 लाख रुपए 
प्लेयर ऑफ द सीरीज: इलेक्ट्रिक गाड़ी, मोटरसाइकिल और लैपटॉप 

सामाजिक समावेश का मिलेगा संदेश 

लीग में सामाजिक समावेश का संदेश देने के उद्देश्य से चंडीगढ़ की किन्नर टीम और दिव्यांगों की विशेष क्रिकेट टीमों के भी प्रदर्शनी मैच कराए जाएंगे। 4 अक्टूबर को समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में उन युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने ढृढ संकल्प से नशे का त्यागकर सामाजिक मुख्यधारा में वापसी की हैं।