प्रदेश सरकार की होम-स्टे प्रशिक्षण योजना का विस्तार, भिवानी के युवाओं से 16 अगस्त तक आवेदन करने की अपील

 
 प्रदेश सरकार की होम-स्टे प्रशिक्षण योजना का विस्तार, भिवानी के युवाओं से 16 अगस्त तक आवेदन करने की अपील

 
भिवानी, 07 अगस्त। प्रदेश सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से होम-स्टे प्रशिक्षण योजना का विस्तार पूरे प्रदेश में कर दिया है। अब भिवानी जिले के 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को 16 अगस्त तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भिवानी में आवेदन करना होगा।


राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिवानी के प्रधानाचार्य इंद्र सिंह ने बताया कि चयनित युवाओं को सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक होटल प्रबंधन संस्थान, कुरुक्षेत्र में 120 घंटे का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य युवाओं को अपने घरों के खाली कमरों को होम-स्टे के रूप में विकसित कर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रशिक्षित करना है। यह प्रशिक्षण युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि पहले यह योजना केवल पंचकूला, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और फरीदाबाद तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे हरियाणा में लागू कर दिया गया है। भिवानी जिले से निर्धारित मानकों के आधार पर 20 युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को अपने घरों को होम-स्टे के रूप में विकसित कर आय का नया स्रोत उपलब्ध कराना है।


प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आतिथ्य सत्कार, पर्यटकों की मेजबानी, कमरों एवं सुविधाओं का प्रबंधन, स्वच्छता, ऑनलाइन बुकिंग, ग्राहक सेवा तथा होम-स्टे संचालन के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।

- योजना की प्रमुख विशेषताएं
आईटीआई प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान ठहरने का खर्च विभाग वहन करेगा। भिवानी बस स्टैंड से कुरुक्षेत्र तक सामान्य बस किराए की प्रतिपूर्ति की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र एवं नियम-शर्तें आईटीआई हरियाणा की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री के विजन आत्मनिर्भर युवा, आत्मनिर्भर हरियाणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भिवानी जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की।