रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, महेंद्रगढ़ से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में हुआ बदलाव

 
रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, महेंद्रगढ़ से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में हुआ बदलाव

 

हरियाणा के महेंद्रगढ़ रेलयात्रियों के लिए जरूरी खबर है। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में तकनीकी कार्य के चलते महेंद्रगढ़ जिले से होकर गुजरने वाली दो ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार राजेन्द्रपुल, हाथीदह अपर टॉल जंक्शन, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर तकनीकी कार्य किया जा रहा है। इस वजह से ट्रेन संख्या 15623, भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कार्य पूरा होने तक इन ट्रेनों का संचालन निर्धारित बदलाव के अनुसार किया जाएगा। इसलिए सभी यात्री यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और मार्ग की जानकारी जरूर देख लें।
 

इन दो ट्रेनों के रूट में हुआ बदलाव 
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15623 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस 22 सितंबर को भगत की कोठी से रवाना होगी और दानापुर-पाटलीपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी के बीच संचालित होगी। रूट में बदला के कारण इस ट्रेन का पटना स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। वहीं 29 सितंबर को ये ट्रेन वाराणसी-छपरा-शाहपुर पटोरी के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दिन भी पटना स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।


इसके अलावा ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। ये ट्रेन 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग बरौनी-शाहपुर पटोरी-छपरा-वाराणसी से चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण ट्रेन का पटना, आरा, बक्सर, गहमर, ईस्ट आउटर केबिन और पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा।