फरीदाबाद जिले के सभी 122 पेट्रोल पम्पों पर एएनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू
 

 
फरीदाबाद जिले के सभी 122 पेट्रोल पम्पों पर एएनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू  

फरीदाबाद, 19 नवंबर।जिले में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से फरीदाबाद के सभी 122 पेट्रोल पम्पों पर ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था के प्रभावी रूप से लागू होने के बाद बिना वैध पीयूसीसी (Pollution Under Control Certificate) अर्थात प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियन्त्रक के. के. गोयल ने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पेट्रोल पम्प संचालकों तथा तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के बिक्री अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें एएनपीआर व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। बैठक में सभी पेट्रोल पम्प संचालकों एवं बिक्री अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एएनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें तथा बिना वैध पीयूसीसी वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध न करवाने संबंधी निर्देशों की सख्ती से पालना करें।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस पूरी प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की जा रही है। उपायुक्त आयुष सिन्हा द्वारा भी अभियान की विशेष रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जिले में वायु प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गति दी जा सके।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियन्त्रक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वायु प्रदूषण के कारण लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है कि वह अपने वाहन का प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र समय रहते बनवाएं और उसे वैध रखें। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों में सहयोग करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।