14 करोड़ से बदल जाएगी गुरुग्राम के इन गांवों की तस्वीर, शहरों जैसी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

 
 14 करोड़ से बदल जाएगी गुरुग्राम के इन गांवों की तस्वीर, शहरों जैसी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

गुरुग्राम जिले के दो गांव सरहौल और सिकंदरपुर की हजारों की आबादी के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां नगर निगम की ओर से 14 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार कर दोनों गांवों को नया स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई है। इसमें सीवरेज, जलापूर्ति, बरसाती नाले और पक्की सड़कें जैसे निर्माण कार्य शामिल हैं। 

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इन दोनों ही गांवों में पिछले 20 सालों से पुराना बुनियादी ढांचा चला आ रहा है। ऐसे में लगातार बढ़ती आबादी के साथ यहां सीवर जाम की समस्या आम बात हो गई है। आलम यह है कि थोड़ी सी बूंदाबांदी होते ही गलियों और सड़कों पर सीवर का बदबूदार गंदा पानी खड़ा हो जाता है जिससे स्थानीय लोगों के लिए आवागमन करना नरक के बराबर हो जाता है। दोनों गांवों की आबादी को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा यह योजना बनाई गई है।

नई बिछेगी सीवर और पानी की लाइन 

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दोनों गांवों सरहौल और सिकंदरपुर में नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। सीवर लाइन का साइज़ आबादी के हिसाब से किया जाएगा ताकि आगे कई सालों तक लोगों को सीवर ओवरफ्लो की समस्या से छुटकारा मिल सकें। इसके अलावा नई जलापूर्ति लाइन बिछाई जाएगी। सभी घरों तक पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति हो सकें, इसी हिसाब से पानी की लाइनों का डिजाइन तैयार किया गया है। 

इसके अलावा नए सिरे से बरसाती नालों का निर्माण किया जाएगा ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। दोनों गांवों में पक्की गलियां और सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने पर दोनों ही गांवों के लोगों को सालों पुरानी जलभराव की समस्या से आजादी मिल सकेगी।

शहरों की तर्ज पर मिलेगी सुविधाएं 

गांव सरहौल-सिकंदरपुर का पूरा बुनियादा ढांचा बदला जाएगा। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले माह के अंत तक गांव में सभी विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। विकास कार्य पूरा होने के बाद दोनों गांवों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और लोगों को शहर जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलने लगेंगी। प्रवीण राघव, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।