*हरियाणा की सड़कों की बदलेगी तस्वीर, भविष्य की जरूरत के हिसाब से बनेगी योजना*

 

 *मार्गों की लेन बढ़ाने, बेहतर संपर्क और सड़क सुरक्षा को लेकर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की चर्चा*

 

चंडीगढ़, 6 अक्टूबर- हरियाणा के तेजी से बढ़ते विकास के साथ प्रदेश के सड़क तंत्र को भी नई दिशा देने की तैयारी है। बढ़ते यातायात, औद्योगिक विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी की जरूरत को देखते हुए आने वाले वर्षों के लिए सड़कों की क्षमता बढ़ाने और आवागमन को और सुगम बनाने पर जोर दिया जा रहा है। गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हरियाणा की भावी सड़क योजनाओं को लेकर चर्चा की।

 

इस दौरान प्रदेश में मार्गों के लेन विस्तार, प्रमुख सड़कों की क्षमता बढ़ाने, बेहतर संपर्क व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के आधुनिक मानकों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा की सड़कें अब वर्तमान जरूरतों के साथ आने वाले समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएंगी।

 

*चिन्हित होंगे प्रमुख रास्ते*

 

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि प्रदेश में जहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है अथवा आने वाले समय में बढ़ने की संभावना है, ऐसे प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर उनकी क्षमता बढ़ाने की दिशा में योजना तैयार की जाएगी। लोक निर्माण विभाग इन मार्गों का अध्ययन कर आवश्यकतानुसार लेन बढ़ाने के लिए सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि सड़क का विस्तार केवल चौड़ाई बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। लोगों का सफर आसान हो, समय की बचत हो और आवागमन सुरक्षित व सुविधाजनक बने, इसी सोच के साथ सड़क योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

राष्ट्रीय राजमार्गों के सुरक्षा मानकों से मिलेगी दिशा

 

चर्चा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अपनाए जा रहे सड़क सुरक्षा मानकों और सड़क सुरक्षा परीक्षण की व्यवस्था का भी उल्लेख हुआ। सड़क की बनावट, चौराहों, संकेतक व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात के सुचारु संचालन जैसे पहलुओं को सड़क परियोजनाओं की योजना में पहले से शामिल करने पर जोर दिया गया। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सड़क की रफ्तार के साथ उसकी सुरक्षा और सुविधा भी उतनी ही जरूरी है। प्रदेश में बड़ी सड़क परियोजनाओं की योजना बनाते समय इन सभी पहलुओं को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।

 

*मजबूत सड़कें, तेज विकास की मजबूत कड़ी*

 

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा में उद्योग, व्यापार और शहरों का विस्तार तेजी से हो रहा है। ऐसे में मजबूत सड़क संपर्क प्रदेश की विकास यात्रा को और गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। बेहतर सड़कें गांवों, कस्बों, शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बेहतर संपर्क देंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा के संकल्प के साथ लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सड़क ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार के बेहतर तालमेल से सड़क परियोजनाओं को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

*स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को नमन*

 

 दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता और मजबूत राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। दो दिवसीय चिंतन शिविर के समापन के दिन देशभर से आए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच राज्यों के विकास, सड़क एवं बुनियादी ढांचे, नई तकनीक, सड़क सुरक्षा और आने वाले समय की जरूरतों से जुड़े विषयों पर अनुभव साझा किए गए।