महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में मनाई गई ओ.पी. जिंदल की जयंती एवं स्थापना दिवस

 हवन, मरीजों को फल वितरण, रक्तदान शिविर एवं फलदार पौधारोपण के माध्यम से मनाया सेवा दिवस
 
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में मनाई गई ओ.पी. जिंदल की जयंती एवं स्थापना दिवस

 



अग्रोहा।
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में स्वर्गीय बाऊजी ओमप्रकाश जिंदल की जयंती एवं संस्थान के स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्व मंगल, सुख-समृद्धि एवं सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ हवन-यज्ञ से हुई। इसके पश्चात अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए, रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया तथा अंत में स्वर्गीय बाबूजी ओ.पी. जिंदल की स्मृति में फलदार पौधे लगाए गए।


इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. जनरल डी.पी. वत्स ने कहा कि स्वर्गीय ओ.पी. जिंदल का जीवन समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि किसी महापुरुष को सच्ची श्रद्धांजलि तभी है, जब उनके विचारों और सेवा भावना को अपने आचरण में उतारा जाए। जिंदल परिवार एवं महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।


डॉ. वत्स ने कहा कि मरीजों की सेवा, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य सीधे तौर पर मानव कल्याण से जुड़े हैं। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के प्रति संवेदना और सेवा का भाव चिकित्सकीय दायित्व के साथ-साथ मानवीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है।


कार्यक्रम का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया। संस्थान के चिकित्सकों, अधिकारियों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा कर्मचारियों ने हवन में आहुति देकर विश्व शांति, जनकल्याण एवं सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। 
हवन के पश्चात अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। इस दौरान चिकित्सकों एवं संस्थान के प्रतिनिधियों ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


इसी क्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। 


कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्वर्गीय बाबूजी ओ.पी. जिंदल की स्मृति में संस्थान परिसर में फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया। उपस्थितजनों ने कहा कि पौधारोपण स्वर्गीय बाबूजी के प्रकृति एवं समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का सार्थक माध्यम है।

इस अवसर पर महाविद्यालय निदेशक डॉ करनदीप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजीव चौहान सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।