नुक्कड़ नाटक, लोकगीतों व व्याख्यान के माध्यम से दिया जाएगा नशामुक्ति का संदेश

 
 नुक्कड़ नाटक, लोकगीतों व व्याख्यान के माध्यम से दिया जाएगा नशामुक्ति का संदेश

सिरसा, 25 जून।
अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर 26 जून को जिला प्रशासन द्वारा पंचायत भवन सिरसा में जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। ‘नशा मुक्त युवा-सशक्त राष्ट्र’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड़ ने बताया कि कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त श्री अर्पित सिंघल (आईएएस) तथा पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारण (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे पंचायत भवन, बरनाला रोड, सिरसा में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक तथा प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग नशा मुक्ति अभियान से जुड़ सकें।
सत्यवान ढिलोड़ ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लेने तथा नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का सपना साकार किया जा सकता है।