कल सुबह 6 बजे होगी कालांवाली यूथ मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे झंडी
सिरसा, 21 नवंबर। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने और युवाओं को खेलों एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से कालांवाली में कल 22 नवंबर को यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रात: 6 बजे मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए कुल 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हुए हैं, जिससे युवाओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान रॉकस्टार एमडी, एमपी अटवाल एवं उनकी टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इसके अलावा अन्य टीमें भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों में जोश और उत्साह भरेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुडऩे तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
पांच किलोमीटर की रन फॉर फन का यह रहेगा रूट
5 किलोमीटर की रन फॉर फन के प्रतिभागी परशुराम चौक से होते हुए बाईपास रोड पर पहुंचेंगे। यहां से नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड होते हुए मेन रोड पर पहुंचेंगे। इसके बाद धावक ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन के पास फाटक की ओर जाने वाले मार्ग से होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचेंगे।
दस किलोमीटर का नया रूट
10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागी मुख्य आयोजन स्थल से रवाना होकर परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड से नायरा पेट्रोल पंप के सामने से थाना रोड से ओवरब्रिज के ऊपर से होते हुए इसी मार्ग पर तारूआना गांव से 200 मीटर आगे से यू टर्न लिया जाएगा और इस दौड़ का कालांवाली में ओवरब्रिज से पहले समापन होगा।
21 किलोमीटर की हाफ मैराथन का यह रहेगा रूट
21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के धावक मुख्य आयोजन स्थल से परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड के रास्ते मैन रोड पर आएंगे, यहां से ओवर ब्रिज के ऊपर से होते हुए कुरंगावाली गांव के पास (वृक्ष नंबर 142) से वापिस यू-टर्न लेंगे। 10 व 21 किलोमीटर की श्रेणियां की दौड़ का ओवर ब्रिज से पहले ही फिनिश पॉइंट रखा गया है जहां पर टीम उन्हें रिसीव करेगी।
पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित, प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों एवं आमजन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया गया है। इसके तहत महादेव नंदीशाला के नजदीक ओवरब्रिज के पास तथा पंजाब बस स्टैंड के पास तथा नजदीक थाना रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
रूट की जानकारी के लिए जगह-जगह लगाए जा रहे साइनेज बोर्ड
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों को निर्धारित मार्ग की जानकारी देने के लिए रूट पर विभिन्न स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को अपने-अपने रूट की जानकारी मिल सकेगी।
प्रतिभागियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आयोजन के लिए किए व्यापक प्रबंध
मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पूरे रूट पर पेयजल, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल तय किए गए हैं। प्रशासन ने प्रतिभागियों से निर्धारित रूट और दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की है, ताकि मैराथन का आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
कालांवाली यूथ मैराथन में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए ओवरऑल श्रेणियों के साथ-साथ अलग-अलग आयु वर्गों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 21 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 37,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार 10 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
आयु वर्ग के अनुसार अंडर-18, 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इन सभी आयु वर्गों में 21 किलोमीटर दौड़ के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमश: 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ में आयु वर्ग के अनुसार प्रथम स्थान पर 7,500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
फोटो कैप्शन: 01 से 02 -- यूथ मैराथन की तैयारियां
