चंडीगढ़, 3 सितंबर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज पंजाब के चमकौर साहिब स्थित गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेका और गुरु चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा हरियाणा-पंजाब में आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए अरदास की। उन्होंने अमर शहीद बीबी शरण कौर के नाम से ऐतिहासिक द्वार बनाने के लिए 21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
साध-संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब की इस पवित्र धरती पर गुरु चरणों में शीश नवाने का अवसर उनके लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। चमकौर साहिब की धरती त्याग, शहादत, सम्मान, सेवा, साहस और अदम्य आत्मबल की जीवंत पाठशाला है। यह पवित्र स्थान दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के बड़े साहिबजादे बाबा अजीत सिंह जी और बाबा जुझार सिंह जी के महान बलिदान की स्मृति से जुड़ा हुआ है। सन् 1704 में साहिबजादों के बलिदान के बाद दिसंबर की उस सर्द रात्रि में बीबी शरण कौर ने जिस साहस व सेवाभाव से साहिबजादों का अंतिम संस्कार किया वह उस महान वीरांगना के अदम्य सेवाभावना की मिसाल है जिसे इतिहास कभी भूला नहीं सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबी शरण कौर का उदाहरण हमें सिखाता है कि सेवा व साहस में महिलाएं कभी किसी से पीछे नहीं रहीं। हमें अपने महान गुरुओं व पुरखों से यही सीखने को मिलता है कि हमें अपने बच्चों को केवल सफल बनने के लिए ही नहीं बल्कि संस्कारवान बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए। गुरुओं का जीवन हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि हम आने वाली पीढ़ियों को कैसी विरासत देकर जाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार आज उसी रास्ते पर चल रही है जो रास्ता हमारे महान गुरुओं ने हमें दिखाया था। गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार ने एक माह तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाया व शहादत को नमन किया। इस संबंध में कुरुक्षेत्र में विशाल समागम किया गया जिसमें पहुंचकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी शीश झुकाया और गुरुजी की स्मृति में सिक्का व कॉफी टेबल बुक लॉन्च की। सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से सिख म्यूजियम का निर्माण करवाया जा रहा है ताकि गुरुओं के संदेश व शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज जरूरत है कि हम सब देश को आगे बढ़ाने, विकसित भारत के सपने को पूरा करने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस देश को जिन ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए दिन-रात जितनी मेहनत से काम कर रहे हैं, उसमें हमें उनका साथ देना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विस्तार से बताया कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनने के बाद किस प्रकार आमजन के जीवन में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले लिए गए 217 संकल्पों में से 70 घोषणाएं डेढ़ साल में ही पूरी की जा चुकी हैं। हरियाणा में महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा को पूरा करने के लिए सरकार बनते ही पहले बजट में 5000 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया जिसमें से 2000 करोड़ रुपये अब तक महिलाओं के खातों में भिजवाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने वाला देश का एकमात्र राज्य है। फसल खरीदने के 72 घंटे के भीतर पैसा किसान के खातों में पहुंच जाता है। यदि किसी कारण से इसमें देरी होती है तो किसान को उस पैसे का ब्याज भी मिलता है। इसी प्रकार हरियाणा में सब्जी व फलों का उत्पादन करने वाले किसानों के लिए सरकार ने भावांतर भरपाई योजना शुरू की है जिससे यदि फसल का बाजार भाव कम मिलता है तो उसके अंतर की भरपाई सरकार करती है। इसके तहत अब तक किसानों के खातों में 200 करोड़ रुपये भिजवाए जा चुके हैं। हरियाणा में फसल खराब होने पर किसानों को अब तक 16500 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा की 3 करोड़ की आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है। अब तक 42 लाख लोगों के इलाज पर सरकार 4500 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है। अब गरीब परिवारों को गंभीर बीमारी में भी इलाज के खर्च की चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल से ज्यादा के सभी बुजुर्गों को भी इस योजना का लाभ देना शुरू किया है जिसे हरियाणा सरकार ने भी अपनाते हुए इसके तहत अब तक 8 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसी प्रकार हरियाणा में 1.80 लाख रुपये सालाना आमदनी वाले परिवारों की रसोई में केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर भिजवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस पीढ़ी को अपने महापुरुषों और शहीदों का इतिहास ज्ञात होता है, उसे कोई भी शक्ति उसके संस्कारों और मार्ग से भटका नहीं सकती। इसलिए समाज का दायित्व है कि साहिबजादों के शौर्य और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और बीबी शरण कौर के साहस व सेवाभाव से प्रेरणा लें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि साहिबजादों के महान बलिदान को नमन करते हुए उनके साहस, सेवा और धर्मनिष्ठा को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें। यही महान साहिबजादों व बीबी शरण कौर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर संत बाबा अवतार सिंह, गुरुद्वारा संस्थापक बाबा कर्मसिंह रायपुर, सरदार इकबाल सिंह लालपुुरा, जिला प्रधान स. अजयवीर सिंह, पार्षद सर्वजीत सिंह, अमरजीत सैनी, स. तरसेम सैनी, राजेंद्र सिंह सैनी तथा सैनी महासभा के हरजीत सिंह लौंगिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति व महिलाएं भी उपस्थित थीं।
