जनप्रतिनिधियों का प्रथम दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना : डॉ. कमल गुप्ता

 
जनप्रतिनिधियों का प्रथम दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना : डॉ. कमल गुप्ता

 हिसार, 3 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित जनसंवाद
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री
डॉ. कमल गुप्ता ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित
प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर अनेक समस्याओं के समाधान के
लिए आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी
विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।
इस अवसर पर डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधि का प्रथम दायित्व जनता
की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना, उन्हें समझना तथा उनके त्वरित
समाधान के लिए ईमानदारी से प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता
पार्टी की कार्यशैली जनसेवा पर आधारित है और इसी भावना के अनुरूप
प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को भाजपा जिला कार्यालय में नियमित रूप से
जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जहां आमजन की समस्याओं के समाधान
का हरसंभव प्रयास किया जाता है।
पूर्व मंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को
हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व
और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक
एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम हैं। भगवान
श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म की स्थापना, सत्य के मार्ग पर चलने, कर्तव्य
पालन तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है।
डॉ. कमल गुप्ता ने गुरु जाम्भेश्वर महाराज के जन्मोत्सव पर उन्हें
श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि गुरु जाम्भोजी का जीवन प्रकृति
संरक्षण, जीव दया, पर्यावरण संवर्धन तथा मानवीय मूल्यों का अनुपम संदेश
देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुरु जाम्भेश्वर महाराज के
सिद्धांत और शिक्षाएं सम्पूर्ण मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं तथा
हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए प्रकृति एवं समाज के प्रति अपने
दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला, राम
चन्दर गुप्ता, प्रवीण जैन, कृष्ण बिश्नोई, सुरेंदर सैनी, सुनील सिंह चाय
पत्ती, उम्मेद खन्ना, धरमसिंह  खटकड़, बलबीर भूम्बक, प्रोमिला पुनिया,
सतीश महत्ता  आदि उपस्थित रहें।