हरियाणा सुपर-100 की विस्तृत 100 सीटों के लिए लेवल-1 प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन
झज्जर, 14 जुलाई।
जिला मुख्यालय स्थित शहीद रमेश कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार को हरियाणा सुपर-100 की लेवल-1 प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई,जिसमें जिला के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डीईओ रतिंदर सिंह की देखरेख में यह परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी जसवीर दलाल ने बताया कि इस मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की पहल पर आयोजित हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम के इस वर्ष के उत्कृष्ट परिणामों, विशेषकर आईआईटी एडवांस में विद्यार्थियों के उल्लेखनीय प्रदर्शन को देखते हुए कार्यक्रम की 100 अतिरिक्त सीटों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही हरियाणा सुपर-100 की कुल सीटें 400 से बढ़ाकर 500 कर दी गई है, जिससे अधिक से अधिक मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को इस आवासीय शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम का लाभ मिल सकेगा।
लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 17 जुलाई को होगा घोषित
उन्होंने बताया कि लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 17 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। इसके उपरांत चयनित विद्यार्थियों की लेवल-2 परीक्षा 19 जुलाई 2026 से हरियाणा सुपर-100 परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसके आधार पर विस्तृत 100 सीटों के लिए अंतिम चयन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन देना ही उद्देश्य
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा सुपर-100, शिक्षा विभाग हरियाणा एवं विकल्प फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित एक आवासीय शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को ऐसा समग्र शैक्षणिक वातावरण, मार्गदर्शन, अनुशासन एवं अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें तथा अपने जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें। जिला गणित विशेषज्ञ विक्रम सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया ।
